मुजफ्फरनगर। जनपद की थाना तितावी पुलिस ने शनिवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी आबिद को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार थाना तितावी क्षेत्र में मुकन्दपुर झाल मार्ग पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी बघरा-अमीरनगर मार्ग के आसपास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।कुछ देर बाद पुलिस को एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भागने लगा।पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी आबिद पुत्र मौसम निवासी ग्राम मांडी थाना तितावी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।मौके से पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आबिद थाना तितावी का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 32 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी सूची में शामिल था।