मुजफ्फरनगर। तीर्थनगरी शुकतीर्थ में आयोजित होने वाले ज्येष्ठ दशहरा गंगा स्नान मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आगामी 23 से 26 मई तक आयोजित होने वाले राजकीय मेले के सफल संचालन को लेकर सोमवार को शुकतीर्थ स्थित निरीक्षण भवन में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले की व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक चर्चा की गई। 25 मई को होने वाले मुख्य स्नान को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की है।बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर लें।बैठक में स्वास्थ्य, विद्युत, सिंचाई, पुलिस, नगर पंचायत, वन विभाग, पशुपालन, राजस्व और विकास विभाग सहित कई विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मेले के दौरान पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और यातायात नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर ठंडे पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि शुकतीर्थ धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण और सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि किसी विभाग की ओर से लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बैठक के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गंगा घाटों का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, चेंजिंग रूम और गोताखोरों की तैनाती वाले स्थानों का जायजा लिया। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में मजबूत बैरिकेडिंग लगाने तथा अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए ताकि स्नान के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके।मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए जा रहे हैं, जबकि घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि मुख्य स्नान वाले दिन विशेष निगरानी रखी जाएगी और पूरे मेला क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा।बैठक में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार, क्षेत्राधिकारी भोपा देवव्रत वाजपेयी, थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group