आगरा। ताजनगरी आगरा में दोस्ती, भरोसे और रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या की वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया है। थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित पालीवाल पार्क में एक युवक की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके करीबी दोस्त पर लगा है, जिसे पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह ने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया।मृतक की पहचान 28 वर्षीय सोनू कामणे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था और आगरा में रहकर मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार सोनू अपने परिचित अनमोल राव वानखेड़े के साथ शनिवार को काम पर गया था। दोनों ने दिनभर मजदूरी की और शाम को शराब लेकर पालीवाल पार्क पहुंच गए। देर रात तक दोनों पार्क में बैठकर शराब पीते रहे, लेकिन रात में केवल अनमोल ही वापस लौटा, जबकि सोनू लापता हो गया।परिजनों ने जब सोनू के बारे में जानकारी ली तो अनमोल ने अनभिज्ञता जाहिर कर दी। इसके कुछ समय बाद वह खुद भी गायब हो गया, जिससे परिजनों का शक और गहरा गया। रविवार सुबह पालीवाल पार्क में खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध अनमोल की तलाश शुरू की। एडिशनल डीसीपी हिमांशू गौरव ने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को आईएसबीटी बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। आरोपी शहर छोड़कर भागने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।पूछताछ में आरोपी अनमोल ने हत्या की पूरी कहानी पुलिस को बताई। एसीपी हरीपर्वत अमीषा सिंह के अनुसार आरोपी ने बताया कि सोनू का उसके घर लगातार आना-जाना था। इसी दौरान उसकी नीयत आरोपी की पत्नी पर खराब हो गई थी। आरोपी का कहना है कि सोनू कई बार उसकी पत्नी के साथ जबरन संबंध बनाने की बात करता था और उस पर अशोभनीय टिप्पणियां भी करता था। शनिवार रात शराब के नशे में उसने फिर वही बातें दोहराईं, जिससे दोनों के बीच तीखा विवाद हो गया।पुलिस के मुताबिक गुस्से में आकर अनमोल ने पार्क में पड़ी ईंट उठाई और सोनू के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल खून से सनी ईंट समेत अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group