मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से हाईवे पर दौड़ रही थी। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। जोरदार टक्कर के साथ ही कार में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालक भी रुक गए।स्थानीय लोगों ने आग बुझाने और कार सवारों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक लपटें पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले चुकी थीं। हादसे में 35 वर्षीय नाजिम पुत्र सलीम अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में मौजूद महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही प्रतीत हो रहा है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group