मेरठ। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बिचौलिये को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में की गई, जहां टीम ने पहले से जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई।सूत्रों के अनुसार एक महिला ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी कि उससे एक मामले में कार्रवाई के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच शुरू की और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की। इसी दौरान आरोपी गौरव गर्ग कथित रूप से दरोगा के नाम पर रकम लेने पहुंचा, जहां पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।बताया जा रहा है कि आरोपी एक पुलिसकर्मी के लिए बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था। गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम आरोपी को अपने साथ लेकर टीपी नगर थाने पहुंची, जहां उससे पूछताछ की गई और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। मामले में बरामद रकम और अन्य साक्ष्यों को भी कब्जे में लिया गया है।उधर, मामले में संबंधित दरोगा की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है। एंटी करप्शन टीम यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत मांगने और रकम वसूलने की पूरी साजिश में पुलिसकर्मी की क्या भूमिका थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।