मुजफ्फरनगर। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद में टीबी उन्मूलन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। गुरुवार को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक क्वाट्रो ट्रूनेट मशीन का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहताश यादव एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. रोहताश यादव ने कहा कि टीबी जैसी संक्रामक बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक बेहद आवश्यक है। नई क्वाट्रो ट्रूनेट मशीन के माध्यम से अब कम समय में अधिक संख्या में संभावित मरीजों की जांच संभव हो सकेगी, जिससे रोग की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान समाज को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास है, जिसमें जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि यह मशीन अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, जिसके जरिए टीबी की जांच अधिक सटीक और तेजी से की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान संभावित टीबी रोगियों की निःशुल्क जांच कराई जाएगी, ताकि कोई भी मरीज उपचार से वंचित न रह जाए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होना या अत्यधिक कमजोरी जैसी समस्या हो तो वह तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच अवश्य कराएं।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकार का लक्ष्य देश को टीबी मुक्त बनाना है और इसी उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं। नई ट्रूनेट मशीन जनपद में टीबी नियंत्रण कार्यक्रम को और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगी।कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, जिला प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सहबान, डीईओ संजीव शर्मा सहित मेडिकल कॉलेज एवं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन, स्वास्थ्य कर्मी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने एवं आमजन को जागरूक करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group