लखनऊ। राजधानी के बीकेटी क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में महिला मरीज के साथ कथित दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप अस्पताल संचालक और चिकित्सक पर लगा है, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे और स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया।पुलिस के अनुसार इन्दौराबाग इलाके में संचालित तेजस हॉस्पिटल में भर्ती एक महिला ने आरोप लगाया कि उपचार के दौरान अस्पताल संचालक ने ऑपरेशन थिएटर में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही बीकेटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी चिकित्सक विजय कुमार गिरी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना से जुड़े तथ्यों को स्वीकार करने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के कपड़े और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मूल रूप से सीतापुर जनपद का निवासी है और लखनऊ में किराये के भवन में अस्पताल संचालित कर रहा था। मामले में भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।घटना के बाद निजी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।