शामली। जनपद के आदर्श मंडी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। बच्चों को स्कूल लेकर जा रही वैन को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वैन सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।बताया गया कि एक निजी स्कूल की वैन रोज की तरह गांव मुंडेट से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। वैन में कई छात्र-छात्राओं के साथ एक महिला अध्यापिका भी मौजूद थीं। जैसे ही वाहन बधैव पुल के निकट पहुंचा, तभी सामने से तेज गति में आ रही कार ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जबकि कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने पलटी वैन के अंदर फंसे बच्चों और अध्यापिका को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया गया।दुर्घटना में तीन स्कूली बच्चे और एक महिला अध्यापिका घायल हुई हैं। अस्पताल में सभी का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। हादसे के चलते कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा।पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।