भगवानपुर। हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद हुई युवक की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी। देवबंद निवासी युवक की कथित तौर पर होटल कर्मचारियों और कुछ स्थानीय युवकों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी शव को नहर किनारे फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है।पुलिस के अनुसार सहारनपुर जनपद के देवबंद निवासी कलीम अपने भाई कामिल के साथ भगवानपुर क्षेत्र के एक होटल में खाना खाने गया था। इसी दौरान होटल कर्मचारियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और वहां मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया।बताया गया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से दोनों भाइयों को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान कामिल किसी तरह मौके से भाग निकला, लेकिन कलीम हमलावरों के कब्जे में आ गया। आरोप है कि आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गए और शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से नहर किनारे फेंककर फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलने पर भगवानपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं। करीब 48 घंटे के भीतर पुलिस ने सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडे, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के इस मामले में सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group