मुजफ्फरनगर। ज्येष्ठ गंगा दशहरा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने शनिवार को शुकतीर्थ पहुंचकर घाटों और मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने विभिन्न स्नान घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों, जल स्तर और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, गहरे स्थानों पर चेतावनी संकेतक और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।अधिकारियों को मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने और डायवर्जन प्लान को प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया।सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मेला परिसर एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने को भी कहा गया।निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई, थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि गंगा दशहरा मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएंगी।