शामली। कांधला थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा कुर्तान में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर में संदिग्ध हालत में मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।बताया गया कि कैराना निवासी इशरत ने करीब पंद्रह वर्ष पहले गांव खेड़ा कुर्तान के आस मोहम्मद से प्रेम विवाह किया था। दोनों का वैवाहिक जीवन लंबे समय तक सामान्य चला, लेकिन बीते कुछ समय से परिवार में विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति शराब पीने का आदी था और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। उनका कहना है कि महिला की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम देकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। घटना के समय पति के बाहर होने की बात भी सामने आई है, जिसे लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस परिवार के लोगों और आसपास के व्यक्तियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।