मुजफ्फरनगर। जनपद के औद्योगिक क्षेत्र स्थित जीनस पेपर मिल में रविवार को अचानक भड़की भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। मिल परिसर में रखे वेस्ट पेपर के विशाल भंडार में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में उठते काले धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए, जबकि आग की लपटों से आसपास की फैक्ट्रियों और क्षेत्रीय लोगों में दहशत फैल गई।दोपहर करीब बारह बजे मिल परिसर के भीतर अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआती स्तर पर कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कागज और अन्य ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ ही मिनटों में आग ने वेस्ट पेपर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और पूरा परिसर धुएं से भर गया।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शुरुआती प्रयास नाकाफी साबित हुए। इसके बाद प्रशासन ने मेरठ, शामली समेत आसपास के जनपदों से अतिरिक्त फायर यूनिट्स मंगवाईं। देर शाम तक करीब दस दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे रहे।मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह और फायर स्टेशन ऑफिसर रामकिशोर यादव स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। अधिकारियों के अनुसार तेज हवा और वेस्ट पेपर के ऊंचे ढेर आग को लगातार भड़काते रहे, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही। एक समय आग काफी हद तक नियंत्रित होती दिखाई दी, लेकिन हवा का रुख बदलते ही लपटें फिर तेज हो गईं।आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मिल परिसर के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया। आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई, जबकि कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित रहा। धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन मिल परिसर में भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक स्तर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की संभावना व्यक्त की जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group