वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति आवास व्हाइट हाउस के बाहर शनिवार शाम हुई गोलीबारी की घटना से राजधानी वाशिंगटन डीसी में सनसनी फैल गई। सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा खतरा टल गया, हालांकि घटना में एक राहगीर घायल हो गया जबकि हमलावर को सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई में मार गिराया। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस परिसर में मौजूद थे और उच्चस्तरीय बैठकों में व्यस्त बताए गए।जानकारी के अनुसार व्हाइट हाउस के समीप सुरक्षा घेरे वाले इलाके में अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही क्षणों में इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए और सुरक्षा एजेंट तत्काल सक्रिय हो गए। सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने एजेंटों की ओर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को घायल कर दिया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।घटना के बाद पूरे व्हाइट हाउस परिसर को तत्काल सील कर दिया गया। सुरक्षा कारणों से मीडिया कर्मियों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। करीब एक घंटे तक इलाके में हाई अलर्ट लागू रहा और आसपास की सड़कों पर आवाजाही सीमित कर दी गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस, सीक्रेट सर्विस और एफबीआई के अधिकारी तैनात रहे।जांच में सामने आया कि मारा गया संदिग्ध पहले भी सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में रह चुका था। अधिकारियों के अनुसार उसने पूर्व में भी व्हाइट हाउस के सुरक्षा घेरे को भेदने की कोशिश की थी। इस बार वह कथित तौर पर हथियार लेकर सुरक्षा चौकी की ओर बढ़ा और एजेंटों को निशाना बनाने का प्रयास किया। घटना के दौरान करीब दो दर्जन गोलियां चलने की बात कही जा रही है।व्हाइट हाउस के भीतर मौजूद पत्रकारों ने बताया कि गोलीबारी शुरू होते ही उन्हें तत्काल जमीन पर झुकने और सुरक्षित कक्षों में जाने के निर्देश दिए गए। कई पत्रकारों ने कहा कि कुछ समय के लिए पूरे परिसर में तनाव और डर का माहौल बन गया था। बाद में सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति नियंत्रण में होने की पुष्टि की।एफबीआई और सीक्रेट सर्विस ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमलावर अकेले काम कर रहा था या उसके पीछे किसी संगठित साजिश का हाथ था। घटना के बाद अमेरिका में राष्ट्रपति सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं और सुरक्षा एजेंसियों ने व्हाइट हाउस के आसपास निगरानी और कड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group