मुजफ्फरनगर। छपार पुलिस द्वारा पकड़ी गई कथित लुटेरी दुल्हन के मामले में अब नए खुलासे सामने आने लगे हैं। महिला की गिरफ्तारी की जानकारी मीडिया में आने के बाद सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र का एक युवक रविवार को छपार थाने पहुंचा और खुद को भी ठगी का शिकार बताते हुए कार्रवाई की मांग की।देवबंद थाना क्षेत्र के साखन गांव निवासी विशाल चौधरी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी गत 27 मार्च को इसी महिला से कराई गई थी। आरोप है कि शादी तय कराने के नाम पर उससे करीब दो लाख रुपये लिए गए थे। विवाह के बाद महिला कुछ दिन तक घर में रही, लेकिन 30 मार्च को मौका पाकर घर में रखा सामान और नकदी लेकर अचानक फरार हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था।विशाल चौधरी के अनुसार हाल ही में मीडिया में छपार पुलिस द्वारा एक कथित लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई, जिसके बाद उसने महिला की पहचान की। युवक का दावा है कि गिरफ्तार की गई महिला वही है, जिसने उसके साथ विवाह के नाम पर धोखाधड़ी की थी।पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया और अपने मामले में भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक द्वारा दिए गए तथ्यों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।