मुजफ्फरनगर। गंगा स्नान कर ऋषिकेश से दिल्ली लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार को तितावी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज गति से चल रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे खेत में पलट गई। दुर्घटना में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसा मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग स्थित अमीरनगर अंडरपास के समीप हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक संतुलन बिगड़ने पर वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर उछलकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और राहत कार्य शुरू किया।सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस तथा पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में चालक वंश पुत्र दीपक शर्मा निवासी दिल्ली को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य चार यात्रियों को भी चोट लगी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी श्रद्धालु ऋषिकेश से स्नान कर वापस दिल्ली जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group