मुजफ्फरनगर। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर हुई बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नई दरें लागू होने की खबर फैलते ही शहर और आसपास के क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों ने पुराने रेट पर ईंधन भरवाने के लिए देर रात तक पंपों का रुख किया, जिससे कई स्थानों पर भीड़भाड़ की स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार पेट्रोल के दाम में 2 रुपये 61 पैसे तथा डीजल में 2 रुपये 71 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। लगातार चौथी बार ईंधन महंगा होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। खासतौर पर मध्यम वर्ग और किसानों पर इसका सीधा असर पड़ने की बात कही जा रही है।शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की भीड़ देर शाम से ही जुटनी शुरू हो गई थी। लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए लाइन में लगे नजर आए। कई स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई और पुलिस को स्थिति संभालनी पड़ी।किसानों का कहना है कि डीजल के दाम बढ़ने से खेती की लागत में भारी इजाफा होगा। ट्रैक्टर चलाने, ट्यूबवेल से सिंचाई करने और कृषि कार्यों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों पर अतिरिक्त खर्च बढ़ेगा। किसानों ने सरकार से ईंधन कीमतों पर राहत देने की मांग की है।उधर आम नागरिकों का कहना है कि पहले से बढ़ती महंगाई के बीच पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने घरेलू बजट को और बिगाड़ दिया है। परिवहन खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group