मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रोहाना चौकी इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रोहाना-छपार मार्ग स्थित रजवाहे की पुलिया के पास एक युवक का शव पड़ा मिला। सुबह-सुबह शव मिलने की सूचना फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।बताया गया कि राहगीरों ने पुलिया के पास एक युवक को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो युवक मृत मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस, रोहाना चौकी प्रभारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।पुलिस को मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान चरथावल निवासी पंकज पुत्र उमेश कुमार के रूप में हुई। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।