मुजफ्फरनगर। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों, रसोईघर, अस्पताल तथा सुरक्षा उपकरणों का गहनता से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से जिला कारागार पहुंचकर पुरुष एवं महिला बैरकों का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन व्यवस्था तथा अन्य समस्याओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा साफ-सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे, जैमर प्रणाली और अन्य सुरक्षा संसाधनों की कार्यप्रणाली भी जांची गई। अधिकारियों ने जेल कार्यालय में अभिलेखों एवं मुलाकाती रजिस्टर का अवलोकन करते हुए रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।कारागार स्थित अस्पताल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी व्यवस्था एवं बंदियों के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सीय सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी और एसएसपी ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि जेल परिसर में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न कर सके, इसके लिए सतर्कता बढ़ाई जाए। साथ ही संवेदनशील एवं शातिर बंदियों पर विशेष निगरानी रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के अंत में कारागार में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group