नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। इंदिरा कैंप क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे इस रैकेट पर स्पेशल स्टाफ टीम ने छापा मारकर कार्रवाई की। पुलिस को मौके से नकदी, सट्टा रिकॉर्ड और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े सबूत भी मिले हैं।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में संगठित तरीके से नंबर सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके की निगरानी शुरू की और देर शाम कार्रवाई करते हुए कई लोगों को मौके से पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को घेरकर हिरासत में ले लिया।तलाशी के दौरान पुलिस को सट्टे से संबंधित रजिस्टर, हिसाब-किताब की डायरी, हाथ से लिखी पर्चियां और नकद रकम बरामद हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी डिजिटल माध्यम से भी पैसे का लेनदेन कर रहे थे और इसके लिए क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जा रहा था।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार लोग अलग-अलग क्षेत्रों से आकर इस नेटवर्क से जुड़े हुए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि सट्टा संचालन के तार दिल्ली से बाहर तक फैले हो सकते हैं। अब पुलिस आर्थिक लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।मामले में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार राजधानी में अवैध जुआ और सट्टेबाजी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।