मुजफ्फरनगर। बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खालापार क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। विभागीय टीम ने देर रात की गई जांच में अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने का खुलासा किया।विद्युत नगरीय वितरण खंड (वाणिज्य-2) की टीम ने अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कई घरों और प्रतिष्ठानों पर मीटर से अलग अतिरिक्त केबल जोड़कर सीधे बिजली सप्लाई लेने का मामला सामने आया। अधिकारियों के अनुसार करीब 15 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी गई है।अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 के तहत मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। विभाग का कहना है कि लगातार हो रही बिजली चोरी से राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा है, इसलिए ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।विभागीय अधिकारियों के मुताबिक बीते कुछ दिनों में जनपदभर में बिजली चोरी के दर्जनों मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान के दौरान टीम ने लोगों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बिजली चोरी करते पकड़े गए तो भारी जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से नियमित कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली उपयोग करने की अपील की है।