मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के जागृति विहार में एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका के मायके पक्ष ने पिता और सौतेली मां पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई है। मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।हापुड़ निवासी भूपेंद्र शर्मा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बहन प्रीति शर्मा की शादी वर्ष 2009 में जागृति विहार निवासी कपिल शर्मा से हुई थी। शादी के बाद परिवार में दो बच्चों का जन्म हुआ। आरोप है कि वर्ष 2017 में उनकी बहन की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी, लेकिन बच्चों के भविष्य को देखते हुए उस समय कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।परिजनों का कहना है कि कुछ समय बाद कपिल शर्मा ने दूसरी शादी कर ली। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में किशोरी के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाएं बढ़ने लगीं। परिवार का दावा है कि किशोरी कई बार फोन कर अपने साथ हो रहे उत्पीड़न की जानकारी देती थी और जान का खतरा भी जताती थी।बताया गया कि 26 मई को परिजनों को पड़ोस के माध्यम से सूचना मिली कि किशोरी की मौत हो गई है और अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि पेट दर्द के चलते किशोरी की तबीयत बिगड़ गई थी।मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया और बिना पुलिस को सूचना दिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि पूरे मामले में सच्चाई छिपाने और सबूत खत्म करने का प्रयास किया गया है।शिकायत में पिता कपिल शर्मा, सौतेली मां पिंकी शर्मा समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।