मुजफ्फरनगर। शहर की सड़कों पर तेज धमाकेदार आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को शहर कोतवाली क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने एक मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल को पकड़कर सीज कर दिया। साथ ही वाहन स्वामी पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।पुलिस की यह कार्रवाई रुड़की रोड स्थित रुड़की चुंगी क्षेत्र में की गई, जहां चौकी प्रभारी दीपक कुमार अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल तेज पटाखे जैसी आवाज करती हुई वहां से निकली। आवाज सुनकर पुलिस टीम ने बाइक को रोक लिया और जांच की।जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल में कंपनी द्वारा लगाए गए मूल साइलेंसर की जगह अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया गया था, जिससे अत्यधिक शोर उत्पन्न हो रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइक को सीज कर दिया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी चालान किया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। अचानक तेज धमाकों से कई बार अन्य वाहन चालक घबरा जाते हैं, जिससे संतुलन बिगड़ने और हादसे होने की आशंका रहती है।एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर जनपदभर में ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों के विपरीत वाहन में बदलाव करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर वाहन सीज करने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।