अहमदाबाद/कच्छ। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) और इंडियन कोस्ट गार्ड ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अरब सागर में बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने मुंद्रा तट के पास समुद्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान करीब 118 किलोग्राम हाई क्वालिटी कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1180 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी समुद्र में कूदकर फरार हो गया।जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया सूचना मिली थी कि समुद्री मार्ग के जरिए बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ भारत लाए जा रहे हैं। इसके बाद एटीएस और कोस्ट गार्ड की संयुक्त टीम ने मुंद्रा पोर्ट से कुछ दूरी पर संदिग्ध कंटेनर जहाज की घेराबंदी की। जांच के दौरान जहाज पर मौजूद तस्करों ने संदिग्ध बैग समुद्र में फेंकने शुरू कर दिए, लेकिन सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खेप को कब्जे में ले लिया।छापेमारी के दौरान नाइजीरियाई नागरिक जुम्मा नासिर उमर को जहाज से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि इस ड्रग्स नेटवर्क के तार दिल्ली के द्वारका इलाके से जुड़े हुए हैं। इसके बाद एटीएस ने दिल्ली में छापेमारी कर तंजानिया निवासी क्लैविन चुकवुमा और युगांडा निवासी ब्यारुहांगा जेम्स को भी गिरफ्तार कर लिया।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ड्रग्स की यह खेप ब्राजील और अन्य विदेशी बंदरगाहों से होते हुए पाकिस्तान के कराची मार्ग के जरिए गुजरात पहुंची थी। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कोकीन की सप्लाई देश के किन राज्यों और शहरों में की जानी थी।गुजरात पुलिस महानिदेशक डॉ. केएलएन राव ने बताया कि यह हाल के वर्षों में समुद्री मार्ग से पकड़ी गई बड़ी ड्रग्स खेपों में से एक है। मामले में एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश में समुद्री क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है।