मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चरथावल पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मारपीट और शांति भंग करने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के निर्देशन में चलाए गए अभियान में क्षेत्र की विभिन्न पुलिस चौकियों ने समन्वय बनाकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में हाल ही में हुई मारपीट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया।कुटेसरा चौकी प्रभारी गोविंद चौधरी ने अपनी टीम के साथ बस स्टैंड क्षेत्र से मोहसीन और जावेद को गिरफ्तार किया। वहीं कस्बा चरथावल चौकी प्रभारी राजेश शर्मा ने मोहल्ला तीरगरान निवासी अंशुल और रवीश के साथ मोहल्ला मुर्दापट्टी निवासी सैफउलहक को हिरासत में लिया।इसके अलावा दधेड़ू चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार की टीम ने सैदनगला निवासी आकाश तथा जनपद शामली के थाना भवन क्षेत्र स्थित ग्राम हसनपुर लुहारी निवासी समद, अयान और नौमान को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को शांति व्यवस्था भंग करने और मारपीट के मामलों में कार्रवाई के तहत न्यायालय भेजा गया।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। अभियान में कांस्टेबल अमित, दीपक और तेजेंद्र धामा ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने बताया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।