मुजफ्फरनगर। जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और फोटो साझा कर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।पुलिस के अनुसार पुनीत कुमार पुत्र तन सिंह निवासी पीएनबी बैंक के पीछे, थाना कोतवाली नगर जनपद बिजनौर तथा प्रदीप पुत्र विक्रम सिंह निवासी ग्राम सैफपुर फिरोजपुर, रामराज थाना बहसूमा जनपद मेरठ द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट से आपत्तिजनक सामग्री साझा की गई थी। पोस्ट वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई और मामले की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी गई।उच्च अधिकारियों ने प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही थाना मीरापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।