लखनऊ/मुजफ्फरनगर। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी दिनों के लिए तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने 28 मई से 1 जून तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताते हुए कुछ जिलों में रेड वॉर्निंग भी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी में 28 और 29 मई को मौसम सबसे अधिक खराब रहने की संभावना है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह गति 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और वज्रपात की भी संभावना है।
विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज और आसपास के जिलों में तेज आंधी और बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों, होर्डिंग्स और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं, जिसके चलते अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। दिन के तापमान में गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।