झांसी। उल्दन थाना क्षेत्र के कचनेव गांव में 13 वर्षीय किशोरी रोहिणी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बाल विवाह का मामला उजागर होने से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि रोहिणी ने कुछ सप्ताह पूर्व ही मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जनपद निवासी 18 वर्षीय रसिया केवट से प्रेम विवाह किया था। मौत के बाद दस्तावेजों की जांच में किशोरी की वास्तविक उम्र सामने आने पर पुलिस भी सतर्क हो गई।जानकारी के अनुसार कचनेव गांव निवासी दिवंगत संतराम की बेटी रोहिणी का अपनी बड़ी बहन की ससुराल, ग्राम ननवारा निवासी रसिया केवट से परिचय हुआ था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध हो गए। बताया गया कि रोहिणी ने रसिया से ही विवाह करने की जिद पकड़ ली थी। परिवार ने शुरुआत में विरोध किया, लेकिन बाद में परिजन दोनों की शादी कराने को तैयार हो गए। करीब एक माह पूर्व दोनों का विवाह संपन्न हुआ था।बताया गया कि रविवार को रोहिणी अपने पति रसिया के साथ मायके आई थी। सोमवार रात गांव में रामलीला और भंडारे का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान घर पर मौजूद रोहिणी ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो वह घबराई अवस्था में अपनी मां के पास पहुंची और दवा खाने की बात बताई। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे तत्काल बंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने जब पंचनामा कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों की जांच की तो आधार कार्ड में रोहिणी की उम्र करीब 13 वर्ष दर्ज मिली। शुरुआती पूछताछ में परिजन उसे बालिग बता रहे थे। उम्र सामने आने के बाद पुलिस ने बाल विवाह के पहलू को भी जांच में शामिल कर लिया है।वहीं रसिया केवट ने पुलिस को बताया कि रोहिणी अपने पिता संतराम की मौत के बाद से मानसिक तनाव में रहती थी और अक्सर उन्हें याद कर परेशान हो जाती थी। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।