मुजफ्फरनगर। बकरीद के त्योहार पर थाना भोपा क्षेत्र में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर बाइक सवार युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना भोपा क्षेत्र के ग्राम मलपुरा निवासी नदीम बकरीद के अवसर पर कस्बा भोपा बाजार से घरेलू सामान खरीदकर पैदल अपने गांव लौट रहा था। आरोप है कि भोपा-पटौली मार्ग स्थित तालाब के समीप पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच युवकों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।हमले में नदीम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना घायल युवक के परिजनों को दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सीधे भोपा थाने पहुंचे।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घायल युवक को उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। अस्पताल में उपचाराधीन नदीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हमलावर अज्ञात थे, लेकिन उसे आशंका है कि किसी पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला कराया गया है। पीड़ित ने अपनी जान को खतरा बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।थाना भोपा पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group