मुजफ्फरनगर। थाना चरथावल क्षेत्र में पुलिस को झूठी सूचना देकर भ्रमित करने का मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने घर में चोरी और फायरिंग की मनगढ़ंत कहानी बनाकर पुलिस को बुला लिया, लेकिन जांच के दौरान उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकली नोट बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार ग्राम कुल्हेड़ी निवासी जावेद ने आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर सूचना दी थी कि कुछ बदमाश उसके घर में घुस आए और चोरी करने के साथ फायरिंग कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना चरथावल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को युवक की बातों पर संदेह हुआ। इसके बाद घर की तलाशी ली गई तो कमरे की अलमारी से 12 बोर का देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और बच्चों के खेलने वाले 500-500 रुपये के नकली नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने स्वीकार किया कि उसने किसी व्यक्ति को झूठे मामले में फंसाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए यह साजिश रची थी।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और झूठी सूचना देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group