सहारनपुर, 29 मई 26। जनपद में थाना सरसावा और चिलकाना पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी अपराधी मारा गया। मुठभेड़ के दौरान सरसावा थाना प्रभारी और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना एक वांछित बदमाश से हो गया। पुलिस को देखकर आरोपी ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान एहसान निवासी थाना नकुड़ क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार एहसान पर हत्या, लूट, गैंगस्टर समेत विभिन्न संगीन धाराओं में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह सहारनपुर जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।मुठभेड़ के दौरान चली गोलियों में थाना प्रभारी सरसावा और एक सिपाही घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा अपराधियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group