बागपत, 29 मई 26। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन संगठन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान विभाग से जुड़ा एक अन्य अधिकारी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में टीम जुटी हुई है। घटना के बाद आपूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया।सूत्रों के अनुसार एक राशन डीलर ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि विभागीय अधिकारियों द्वारा उससे नियमित रूप से अवैध धनराशि की मांग की जा रही है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राशन वितरण कार्य को प्रभावित करने और कार्रवाई का भय दिखाकर रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की।जांच में शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय स्थान पर जैसे ही जिला आपूर्ति अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने तत्काल छापा मारकर उन्हें हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान विभाग का एक अन्य अधिकारी मौके से भाग निकला।एंटी करप्शन अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अधिकारी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।अधिकारियों ने आम नागरिकों और जन वितरण प्रणाली से जुड़े लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी कार्य के बदले अवैध धनराशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल एंटी करप्शन विभाग को दें, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group