मुजफ्फरनगर। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में एक मजदूर की हत्या के बाद उसके शव को चोरी-छिपे जलाकर साक्ष्य मिटाने के प्रयास का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर चिता पर रखे शव को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार भौराकलां थाना क्षेत्र के सिसौली निवासी 35 वर्षीय अंकुर पुत्र पाल्ला शुकतीर्थ स्थित नक्षत्र वाटिका के निकट निर्माणाधीन गंगा घाट पर मजदूरी करता था। शुक्रवार रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।बताया जाता है कि वारदात के बाद कुछ लोग शव को शुकतीर्थ स्थित श्मशान घाट ले गए और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वहां मौजूद लोग अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।पुलिस ने चिता पर रखे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार सुबह निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार रोबिन ने भोपा थाने में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर में कहा गया है कि घटना की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो मृतक के कमरे के आसपास खून के निशान मिले। बाद में श्मशान घाट पर अंकुर का शव चिता पर रखा मिला।पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शव को जलाकर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया गया। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस घटना ने शुकतीर्थ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group