ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मेरठ से घूमने आए छह दोस्तों के समूह में शामिल दो युवक गंगा की तेज धारा और भंवर की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस और बचाव दल ने तत्काल खोज अभियान शुरू कर दिया।जानकारी के अनुसार मेरठ निवासी ऋतु माहेश्वरी (30) और नरेश उपाध्याय (42) अपने साथियों के साथ लक्ष्मण झूला क्षेत्र स्थित सिंगटाली पुल के निकट गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में पहुंच गए और तेज बहाव में फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन धारा इतनी तेज थी कि दोनों देखते ही देखते पानी में बह गए।हादसे की सूचना मिलते ही लक्ष्मण झूला थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बचावकर्मियों ने तत्काल गंगा में खोज अभियान शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था। सर्च अभियान लगातार जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।उधर, घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों को दोनों युवकों को बचाने के लिए शोर मचाते और प्रयास करते देखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group