मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाश मकान से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बुढ़ाना-लुहसाना मार्ग स्थित एक मकान के स्वामी किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य द्वार का ताला और कुंडा तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर के कमरों के दरवाजों को भी क्षतिग्रस्त किया और अलमारियों व बक्सों की तलाशी लेकर कीमती सामान चोरी कर लिया।पीड़ित परिवार के अनुसार चोर सोने-चांदी के आभूषण, करीब 10 हजार रुपये की नकदी तथा तांबे के तीन बड़े बर्तन अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।वारदात की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी के लिए कैमरे लगे होने के बावजूद चोर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।