मेरठ। लोहियानगर क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही मामा ने कथित शक के चलते की थी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को जंगल में फेंककर घटना को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।शनिवार सुबह नरहेड़ा गांव के जंगल में एक बाग के निकट किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। कुछ ही देर में मृतका की पहचान हुमायूं नगर निवासी 17 वर्षीय सानिया के रूप में हुई।शव की पहचान होने के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और घटनाक्रम की पड़ताल के दौरान संदेह की सुई किशोरी के मामा की ओर घूम गई।पुलिस के अनुसार, आरोपी को किशोरी के मोबाइल फोन पर बातचीत करने को लेकर आपत्ति थी और वह उस पर नजर रखता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने अपने एक परिचित की मदद से शव को जंगल में स्थित बाग में ले जाकर फेंक दिया, ताकि किसी को वारदात की भनक न लग सके।हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस अब मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एक अन्य संदिग्ध की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि मृतका के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group