मुजफ्फरनगर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामराज थाना पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.896 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशीले पदार्थ की खेप के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अक्षय पुत्र हरजिंदर की ट्यूबवेल के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.896 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बाकर अली पुत्र मोहम्मद जमीर निवासी तिगरी, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर बताया।थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिरोही ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।