मुजफ्फरनगर। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में युवक की हत्या कर शव को श्मशान घाट में जलाकर साक्ष्य मिटाने की सनसनीखेज वारदात का थाना भोपा पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उसके तीन साथियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडे, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना भोपा पुलिस ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार 30 मई को सिसौली निवासी रोबिन पुत्र उदयवीर सिंह ने सूचना दी कि अंकुर पुत्र पाल्ला निवासी सिसौली की हत्या कर दी गई है तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसका शव शुकतीर्थ स्थित श्मशान घाट में जलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अधजले शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भोपा पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी वाहन से क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में हैं।सूचना पर पुलिस ने सीकरी मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद एक संदिग्ध ऑल्टो कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार पुलिस को देखकर भाग निकले और वाहन छोड़कर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने दोबारा गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में सन्नी पुत्र मुनेश कुमार निवासी इलाहाबास गोली लगने से घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद कांबिंग अभियान चलाकर राजपाल सैनी निवासी शुक्रताल, सुमित अघोरी निवासी छपार और मनमोहन निवासी इलाहाबास को भी गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि मृतक अंकुर शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी उसने विवाद और हाथापाई की। इससे नाराज होकर चारों आरोपियों ने मिलकर डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद पहचान और सबूत मिटाने के लिए शव को शुकतीर्थ के श्मशान घाट ले जाकर जलाने का प्रयास किया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे तथा डीएल-12-सीसी-1631 नंबर की ऑल्टो कार बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।गिरफ्तार आरोपियों में राजपाल सैनी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का नाम भी हत्या और मुठभेड़ से जुड़े मुकदमों में दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस पर हमला करने और आयुध अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में थाना भोपा पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group