मुजफ्फरनगर, 31 मई 26। बरला-बसेड़ा-मोरना मार्ग पर गंग नहर के क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण कार्य का रविवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ शुभारंभ कर दिया गया। प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
इस अवसर पर मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण लंबे समय से आवागमन बाधित था। इससे क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग पर प्रदेश सरकार ने इस महत्वपूर्ण कार्य को स्वीकृति प्रदान की है।
मंत्री ने बताया कि लगभग 15 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दोनों पुलों का निर्माण कराया जाएगा। पुल बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा गांवों का आपसी संपर्क भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और कृषि व व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है। पुल निर्माण से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तीतावी गन्ना समिति के अध्यक्ष शंकर सिंह भोला ने की। इस अवसर पर बिजनौर सांसद चंदन चौहान, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, प्रभात तोमर, संजय राठी, सुप्रिया पाल, अमरनाथ पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group