मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जानसठ पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सवा पांच किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।पुलिस के अनुसार सहारनपुर परिक्षेत्र में संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जानसठ थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर क्षेत्र में सक्रिय है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्राम बयायच निवासी मुन्तियाज पुत्र वहीद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बोरे में रखा 5.320 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद गांजा किस स्थान से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। जांच के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज शर्मा, उपनिरीक्षक दीपक शर्मा, मुख्य आरक्षी प्रवीन नागर, आरक्षी अनुज कुमार तथा आरक्षी रोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।