मुजफ्फरनगर। जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर में बहन की हत्या कर फरार हुए आरोपी भाई को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त छुरा भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार गांव आदमपुर निवासी 20 वर्षीय अदीबा की रविवार को उसके सगे बड़े भाई आमिर ने घर में ही हत्या कर दी थी। बताया गया कि घटना के समय अदीबा अपनी मां नसीमा के साथ घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आमिर ने बहन पर छुरे से हमला कर उसकी गर्दन काट दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। मृतका की मां नसीमा की तहरीर पर आरोपी आमिर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बसी-पलड़ी क्षेत्र के जंगल में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चली गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त छुरा बरामद कर लिया गया है। आरोपी को चिकित्सीय उपचार दिलाने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं मृतका की मां द्वारा अपने ही बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group