खतौली(आकाश तायल)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नगर के दीपचंद मंडी स्थित भाजपा जिला मंत्री विनीत ठाकुर के कार्यालय पर पत्रकार सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों को सम्मानित कर हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका तथा वर्तमान समय में पत्रकारिता के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।कार्यक्रम के मुख्य आयोजक भाजपा जिला मंत्री विनीत ठाकुर ने सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार दिन-रात मेहनत कर जनता की समस्याओं, जनभावनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। ऐसे में पत्रकारों का सम्मान करना समाज के प्रति सम्मान प्रकट करने के समान है। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि पत्रकारों के योगदान को स्मरण करने और उनके प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है।समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार के.एस. भोज्ञान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी उपस्थित रहे। मंच पर जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तहसील अध्यक्ष सचिन गुप्ता तथा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष शेखर चौहान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नगर अध्यक्ष प्रवीण ठकराल ने किया।मुख्य अतिथि सुधीर सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने देश की स्वतंत्रता, सामाजिक चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आंख और कान होते हैं, जो जनता और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।अध्यक्षीय संबोधन में वरिष्ठ पत्रकार के.एस. भोज्ञान ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि जनहित की रक्षा और समाज के प्रति जवाबदेही निभाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है तथा सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को पत्रकारिता का मूल आधार बनाए रखना समय की आवश्यकता है।इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक पत्रकारों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. अंकुर प्रकाश गुप्ता ‘मानव’, बिलाल अख्तर, रिंकू गुप्ता, सचिन गुप्ता, विशाल कौशिक, मोहम्मद शाहनवाज, विजय शास्त्री, आरिफ सिद्दीकी, वसीम अहमद, राजीव शर्मा, हवलेश पटेल, शमशाद अहमद, जुगनू शर्मा, बी.के. नहरिया, राजकुमार विश्वकर्मा, शाहिद अंसारी तथा बसंत गौतम सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल और तकनीकी युग में पत्रकारिता की जिम्मेदारियां पहले की अपेक्षा कहीं अधिक बढ़ गई हैं। फर्जी समाचारों पर रोक, सूचना की सत्यता बनाए रखना तथा जनविश्वास को कायम रखना आज की पत्रकारिता की सबसे बड़ी चुनौतियां हैं। वक्ताओं ने पत्रकारों से राष्ट्रहित और समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में श्याम रहेजा, सौरभ सेठी, नीरज गोयल, अमित ठाकुर, शिवम सैनी, डॉ. सुधीर सैनी, प्रवीण ठकराल, कुशांक ग्रोवर, राजेश कुमार, मोनू मंगवानी, विकास पुंडीर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।समारोह के अंत में भाजपा जिला मंत्री विनीत ठाकुर ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम हिंदी पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।