मुजफ्फरनगर। बुढाना कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब चंदेड़ी से बड़कता मार्ग पर पुल के नीचे एक अज्ञात युवक का अधजला शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव बुरी तरह झुलसा हुआ था और उसके दोनों हाथ बंधे हुए मिले, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसे आग लगाई गई।फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।