फतेहपुर। जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। युवक की हत्या कर शव के टुकड़े करने और उसे जंगल में जलाकर साक्ष्य मिटाने के आरोप में पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी विजय निषाद (20) आठ मई को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की थी।जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल विवरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पड़ताल की तो मृतक की अंतिम बातचीत हमीरपुर जनपद के मनकी गांव निवासी किरन से होने की जानकारी मिली। पुलिस ने संदेह के आधार पर किरन और उसके पति कामता निषाद से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया।पुलिस के अनुसार विजय और किरन के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध थे। इसी दौरान कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद गुजरात में नौकरी कर रहे किरन के पति कामता को पूरे मामले की जानकारी हो गई। इसके बाद कामता गांव लौट आया और पत्नी के साथ मिलकर विजय की हत्या की योजना बना डाली।आरोप है कि आठ मई को किरन ने फोन कर विजय को घर बुलाया। घर पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे कामता ने लकड़ी की चौखट से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए दोनों ने बाजार से ग्राइंडर मशीन खरीदी और शव के अंग अलग कर बोरे में भर दिए। देर रात बाइक से शव को कानपुर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, ग्राइंडर मशीन, खून से सनी चौखट तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। वहीं जंगल से मिले जले हुए अवशेषों को भी कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है।मामले के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने बकेवर थाना पुलिस की टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उधर मृतक के परिजनों ने घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।