मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मामूली चोटों के साथ बच गया। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सिखेड़ा थाना क्षेत्र के सिखेड़ा गांव के निकट ओवरब्रिज के नीचे बाइक सवार दो युवक गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों युवक दूर जा गिरे।
हादसे में बाइक चालक सौरभ पुत्र मोहम्मद गुलजार निवासी सिखेड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बाइक पर पीछे बैठे इंतजार को भी चोटें लगीं, हालांकि वह किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सौरभ को तत्काल जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उधर पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया।