मुजफ्फरनगर। शाहपुर कस्बे में उस समय अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े लोगों पर एक बेकाबू कार चढ़ गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुजफ्फरनगर रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी गोदाम पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लगी हुई थी। इसी दौरान एक महिला चालक कार को गोदाम परिसर की ओर मोड़ रही थी। बताया जाता है कि अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे गैस सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े लोगों में जा घुसा। हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।दुर्घटना में पलड़ी गांव निवासी अयूब पुत्र याकूब गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सोरम निवासी शेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए मुजफ्फरनगर रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है तथा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में वाहन चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव पलड़ी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।