मेरठ। मेरठ-हापुड़ मार्ग स्थित पांची अंडरपास के निकट देर रात स्कॉर्पियो सवार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने युवक के सिर में कई गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान हापुड़ जनपद के दोयमी गांव निवासी तुषार त्यागी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार तुषार सोमवार शाम घर से अपनी स्कॉर्पियो लेकर निकले थे। देर रात उनका शव वाहन के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला।मृतक की पत्नी शिखा त्यागी ने मामले में राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला अध्यक्ष बिट्टू उर्फ अरविंद त्यागी समेत दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। वहीं दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।परिजनों का आरोप है कि घटना से पूर्व तुषार ने व्हाट्सएप कॉल कर बताया था कि कुछ लोग उन्हें जबरन जंगल की ओर ले जा रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके कुछ समय बाद उनके मोबाइल फोन बंद हो गए। रात में सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो तुषार अपनी स्कॉर्पियो में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।परिवार का कहना है कि कुछ समय पूर्व गांव में हुए एक विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।