मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने स्टेडियम के पास स्कूटी सवार महिला से सोने का कुंडल लूटने की घटना का खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल और कुंडल बेचकर प्राप्त 11,500 रुपये बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार 1 जून को संधावली कट के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान तहसीन उर्फ तासीन पुत्र यासीन निवासी ग्राम तावली, थाना शाहपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 27 मई को स्टेडियम के पास सड़क पर स्कूटी से जा रही एक महिला के कान से सोने का कुंडल झपट लिया था। आरोपी ने बताया कि उसने लूटा गया कुंडल एक अज्ञात राहगीर को 20 हजार रुपये में बेच दिया था। बरामद 11,500 रुपये उसी रकम का हिस्सा हैं, जबकि शेष धनराशि ईद के दौरान खर्च कर दी गई।आरोपी ने यह भी कबूल किया कि बरामद मोटरसाइकिल उसने गाजियाबाद क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस से बचने के लिए वह कहीं भागने की फिराक में था, लेकिन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।पुलिस के मुताबिक तहसीन थाना शाहपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ छिनैती, आर्म्स एक्ट, गोवध अधिनियम समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।