हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी से हुई लाखों रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि व्यापारी का ही चालक इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी कपड़ा व्यापारी से नकदी लूटे जाने की सूचना मिलने के बाद विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। सोमवार देर रात अल्लीपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार दिखाई दी। रुकने का इशारा करने पर कार सवार भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रिजवान उर्फ मन्नू निवासी कांति नगर, दिल्ली के पैर में गोली लग गई।पुलिस ने मौके से रिजवान के अलावा निहाल अहमद और व्यापारी के चालक लक्ष्य रावत को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल रिजवान को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पूछताछ में पता चला कि चालक लक्ष्य रावत को व्यापारी के नकदी लेनदेन और यात्रा की पूरी जानकारी थी। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और हाईवे पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लूटी गई रकम 16.92 लाख रुपये थी, जबकि प्रारंभ में 22 लाख रुपये बताए गए थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.50 लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त कार, दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।