मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र में सोनाली नदी के पास मंगलवार देर रात एक रेहड़ा पलट जाने से उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि रेहड़ा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से तो हादसा नहीं हुआ।मृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक के बारे में जानकारी रखता हो तो तत्काल थाना पुरकाजी को सूचित करे।थाना पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।