बिजनौर। धामपुर क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम संचालक डॉक्टर पर नर्स ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती बनाने और धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार धामपुर निवासी एक महिला ने कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से क्षेत्र के एक निजी नर्सिंग होम में नर्स के रूप में कार्यरत थी। आरोप है कि नर्सिंग होम के संचालक डॉक्टर ने ड्यूटी के दौरान उसे अकेला पाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने शादी करने का आश्वासन दिया और इसी भरोसे का फायदा उठाकर लगातार उसका शोषण करता रहा।महिला का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने इसकी जानकारी डॉक्टर को दी तो उसने और उसके परिजनों ने गर्भपात कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उस पर धर्म परिवर्तन करने के लिए लगातार दबाव बनाया गया। जांच के दौरान उसे पता चला कि आरोपी पहले से ही विवाहित है।मामले की जानकारी मिलने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।क्षेत्राधिकारी अभय पांडे ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा सभी आरोपों की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।